
नई दिल्ली। Central Bureau of Investigation ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने महाराष्ट्र के पुणे की रहने वाली वरिष्ठ बॉटनी शिक्षिका मनीषा गुरुनाथ मंडहरे को दिल्ली से गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया है कि मनीषा मंडहरे को National Testing Agency द्वारा NEET-UG 2026 परीक्षा प्रक्रिया में एक्सपर्ट के तौर पर नियुक्त किया गया था। उन्हें बॉटनी और जूलॉजी विषय के प्रश्नपत्रों तक पहुंच प्राप्त थी।
सीबीआई के अनुसार अप्रैल 2026 में मनीषा मंडहरे ने पुणे की मनीषा वाघमारे के जरिए कुछ छात्रों को इकट्ठा किया और अपने घर पर विशेष कोचिंग क्लास चलाई। जांच एजेंसी का आरोप है कि इसी दौरान परीक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी का दुरुपयोग किया गया।
बताया जा रहा है कि मनीषा वाघमारे को पहले ही 14 मई को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब सीबीआई दोनों आरोपियों के बीच संबंधों और पेपर लीक नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो को शक है कि इस मामले में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। एजेंसी डिजिटल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
NEET-UG परीक्षा देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच लगातार तेज की जा रही है।



