Motilal Nehru National Institute of Technology के प्रो. अभिषेक कुमार का निधन, Morning Walk के दौरान गिरे

प्रयागराज। के वरिष्ठ शिक्षक और अप्लाइड मैकेनिक्स विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. अभिषेक कुमार का सोमवार सुबह अचानक निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से संस्थान और शिक्षण जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार प्रो. अभिषेक कुमार रोज की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उठाकर प्रयागराज के बेली अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
प्रो. अभिषेक कुमार मूल रूप से बिजनौर जिले के धामपुर के निवासी थे। वह अपने परिवार के साथ एमएनएनआईटी परिसर स्थित सरकारी आवास में रहते थे। संस्थान में उन्होंने लंबे समय तक शिक्षण और शोध कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही संस्थान के शिक्षक, छात्र और कर्मचारी अस्पताल पहुंचने लगे। सहयोगियों ने उन्हें एक सरल, विद्वान और विद्यार्थियों के प्रति समर्पित शिक्षक बताया।
एमएनएनआईटी प्रशासन की ओर से भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया गया है। संस्थान के कई शिक्षकों ने कहा कि प्रो. अभिषेक कुमार का जाना अकादमिक जगत के लिए बड़ी क्षति है।
हाल के दिनों में हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। डॉक्टरों का कहना है कि अत्यधिक तनाव, अनियमित जीवनशैली और स्वास्थ्य जांच में लापरवाही भी ऐसी घटनाओं का कारण बन सकती है।



