समय रैना का ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एपिसोड विवादों में, बिहार और कश्मीरी पंडितों पर कथित टिप्पणियों से मचा बवाल

मुंबई। कॉमेडियन समय रैना का चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 का एक नया एपिसोड शुक्रवार को रिलीज हुआ। एपिसोड सामने आने के कुछ समय बाद ही बातचीत के कुछ हिस्से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। कथित तौर पर बिहार के लोगों और कश्मीरी पंडितों को लेकर की गई टिप्पणियों के कारण यह एपिसोड विवादों में घिर गया है।
बताया जा रहा है कि विवादित बातचीत समय रैना और स्टैंड-अप कॉमेडियन शैरन वर्मा के बीच हुई बातचीत के दौरान सामने आई। एपिसोड में समय रैना ने अपने अंदाज में शैरन वर्मा का दर्शकों से परिचय कराया और उनके बिहार से होने को लेकर मजाक किया।
इसी दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत के कुछ अंश सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वायरल क्लिप को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने कथित टिप्पणियों को आपत्तिजनक बताते हुए आलोचना की है, जबकि कुछ यूजर्स इसे कॉमेडी और शो के फॉर्मेट का हिस्सा बता रहे हैं।
एपिसोड के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बिहार के लोगों और कश्मीरी पंडितों से जुड़े कथित मजाक को लेकर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने कॉमेडी के नाम पर किसी समुदाय या क्षेत्र के लोगों को लेकर टिप्पणी किए जाने पर सवाल उठाए हैं।
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ इससे पहले भी अपने कंटेंट और कंटेस्टेंट्स की टिप्पणियों को लेकर विवादों में रहा है। ऐसे में नए एपिसोड के कुछ हिस्सों के वायरल होने के बाद एक बार फिर शो को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल वायरल क्लिप को लेकर समय रैना या शो से जुड़े अन्य लोगों की ओर से किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी सामने नहीं आई है।



