देश दुनियायात्रा

श्रीनगर: पार्किंग के दौरान पोल से टकराया इंडिगो विमान, बाल-बाल बचे यात्री

श्रीनगर। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की एक उड़ान शुक्रवार सुबह एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। बे नंबर छह पर विमान को खड़ा करते समय वह विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल के संपर्क में आ गया। घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

एयरपोर्ट प्राधिकरण के अनुसार, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9:02 बजे पार्क की जा रही थी। इसी दौरान विमान का संपर्क पार्किंग क्षेत्र में लगे वीडीजीएस पोल से हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू की।

विमान में मौजूद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या चोट की सूचना नहीं मिली।

एयरपोर्ट प्राधिकरण ने बताया कि घटना के बावजूद श्रीनगर हवाईअड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और एयरपोर्ट की गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहीं। विमान को हुए संभावित नुकसान और घटना के कारणों का आकलन संबंधित टीम द्वारा किया जा रहा है। हादसे की परिस्थितियों की जांच के बाद ही विमान को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button