शौर्य को सलाम: CM योगी ने वीर पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, ‘संघर्ष’ का भी हुआ विमोचन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अदम्य साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को वीरता पदक प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साहसिक कार्यों को सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का भी विमोचन किया। यह पुस्तक पुलिस सेवा के अनुभवों और पुलिस सुधारों से जुड़े विषयों पर आधारित है।
समारोह में 26 पुलिसकर्मियों को वीरता पदक से अलंकृत किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए जाने के साथ प्रोत्साहन राशि की भी घोषणा की गई।
इस मौके पर पुलिस सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार की पत्नी मुनेश देवी को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उन्हें नकद धनराशि और अंगवस्त्र भेंट किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पुलिस आधुनिकीकरण और सड़क सुरक्षा से जुड़े 87 इंटरसेप्टर वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई। अधिकारियों के अनुसार इन वाहनों में अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनका इस्तेमाल सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी प्रवर्तन में किया जाएगा।
समारोह में पुलिस सुधारों, तकनीक और पुलिसकर्मियों के साहस को केंद्र में रखते हुए कई पहल सामने रखी गईं। मुख्यमंत्री ने पुलिस बल के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक संसाधनों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के समर्पण और साहस का सम्मान भी जरूरी है।



