प्रयागराज में परीक्षा माफिया पर बड़ा प्रहार, आईटीआई केंद्र से सॉल्वर गैंग पकड़ा गया

प्रयागराज। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नैनी में चल रही फाइनल सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षाओं के दौरान एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश किया है। छापेमारी में प्रधानाचार्य सहित कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र पर कुछ लोग असली अभ्यर्थियों की जगह बैठकर ऑनलाइन परीक्षा दे रहे हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसटीएफ की टीम ने संस्थान में छापा मारा। जांच के दौरान एक कक्ष में पांच ऐसे युवक मिले, जो दूसरे छात्रों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए।
बताया जा रहा है कि आईटीआई नैनी को प्रयागराज जनपद के करीब 210 आईटीआई संस्थानों की फाइनल सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए केंद्र बनाया गया है, जहां तीन पालियों में ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं।
एसटीएफ ने मौके से पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में परीक्षा में फर्जीवाड़े और सॉल्वर गैंग के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



