उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर हाई अलर्ट, DY CM ने दिए अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश

लखनऊ। देश के कई राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश में भी स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत के बाद प्रदेश सरकार ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निगरानी और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने उच्चस्तरीय बैठक कर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पतालों में मरीजों के इलाज और जांच की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर डॉक्टरों को छुट्टी न दी जाए, ताकि अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाएं प्रभावित न हों। उन्होंने अस्पतालों में आने वाले मरीजों को किसी भी स्थिति में वापस नहीं भेजने की हिदायत दी। मरीज की स्थिति के अनुसार तत्काल जांच, उपचार और आवश्यकता पड़ने पर भर्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उप मुख्यमंत्री ने अस्पतालों में बेड की उपलब्धता को लेकर भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों के लिए पर्याप्त बेड, दवाएं और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहनी चाहिए।
सरकार की ओर से स्वास्थ्य विभाग को संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार अस्पतालों की व्यवस्थाओं को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, लोगों से भी बदलते मौसम में सावधानी बरतने और फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।
राजधानी लखनऊ में हुई मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है। सरकार का जोर समय रहते मरीजों की पहचान, बेहतर उपचार और संक्रमण को फैलने से रोकने पर है।



