कालकाजी में सड़क हादसे में महिला की मौत, मौके पर ट्रक छोड़ भागा चालक

दक्षिणी दिल्ली। कालकाजी थाना क्षेत्र के आउटर रिंग रोड पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आउटर रिंग रोड पर शनिवार को महिला सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना राहगीरों ने पुलिस को दी।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के मुताबिक, मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। उसकी पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और फरार चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। मृतका की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को घटना की सूचना दी जाएगी। वहीं, हादसे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।



