
नई दिल्ली/दुबई। इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब विमान को बीच हवा में अपना निर्धारित मार्ग बदलना पड़ा। विमान की अचानक ऊंचाई कम होने के बाद उसे सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।
फ्लाइट ट्रैकिंग से सामने आई जानकारी के मुताबिक, बोइंग 737 विमान ने दुबई से उड़ान भरने के बाद कुछ ही समय में तेजी से ऊंचाई खोनी शुरू कर दी। बताया गया कि विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, लेकिन महज दो मिनट के भीतर इसकी ऊंचाई लगभग 16,600 फीट तक पहुंच गई। यानी विमान ने इस दौरान करीब 17,400 फीट की ऊंचाई गंवाई।
अचानक हुए इस बदलाव के बाद विमान के रूट में भी परिवर्तन किया गया। पायलटों ने स्थिति को देखते हुए विमान को तेल अवीव ले जाने के बजाय सऊदी अरब की ओर मोड़ दिया और वहां आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।
विमान में अचानक ऐसी स्थिति क्यों पैदा हुई और इतनी तेजी से ऊंचाई कम करने की आवश्यकता क्यों पड़ी, इसे लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से जांच की जा रही है। घटना के कारण उड़ान के यात्रियों और चालक दल में चिंता का माहौल बन गया।
फ्लाइट की इस असामान्य गतिविधि की जानकारी सामने आने के बाद विमानन क्षेत्र में भी घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी और विमान की तकनीकी स्थिति से जुड़ी आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।



