UP MLC चुनाव: 11 सीटों पर मतगणना शुरू, 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला आज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई है। पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों पर कुल 152 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। मतगणना प्रदेश के सात केंद्रों-लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में कराई जा रही है।
मतगणना को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की निगरानी में संपन्न कराई जा रही है, ताकि मतगणना पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से हो सके।
गौरतलब है कि इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। चुनाव में कुल 55 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की निगाहें परिणामों पर टिकी हैं। मतगणना पूरी होने के बाद चुनावी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।



