उत्तर प्रदेशव्यापारसामाजिक

चीनी के भाव में भारी गिरावट, कारोबारियों में मची हलचल

कानपुर। मंगलवार शाम चीनी बाजार में अचानक आई भारी गिरावट ने थोक कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी। कुछ दिन पहले तक तेजी के नए स्तर छू रहे चीनी बाजार में मंगलवार को नरमी का दौर देखने को मिला। बलरामपुर चीनी मिल ने शाम को चीनी का भाव घटाकर 5150 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। मिल के भाव में एक साथ करीब 950 रुपये प्रति क्विंटल की कमी से बाजार में हलचल मच गई।

बाजार में गिरावट की आशंका के चलते मंगलवार को थोक कारोबार में भी दबाव बना रहा। दिन के दौरान चीनी करीब 5800 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बिकती रही। हालांकि, शाम को बलरामपुर मिल का नया भाव सामने आने के बाद कारोबारियों ने खरीदारी से दूरी बनानी शुरू कर दी और बाजार में कारोबार लगभग ठप हो गया।

अब कारोबारियों की नजर बुधवार को खुलने वाले अन्य चीनी मिलों के भाव पर टिकी है। व्यापारियों को आशंका है कि दूसरी मिलों की कीमतों में भी कमी देखने को मिल सकती है।

चीनी की कीमतों में तेजी पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से भी मिल गेट पर 47 रुपये प्रति किलो का भाव निर्धारित किया गया है। इस फैसले के बाद मंगलवार सुबह से ही बाजार में नरमी का असर दिखाई देने लगा था।

शकरपट्टी थोक बाजार में सोमवार तक चीनी का भाव 61 से 62 रुपये प्रति किलो के बीच था। मंगलवार को कारोबार शुरू होने के बाद कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की गई और दोपहर बाद थोक बाजार में चीनी का खुला भाव करीब 58 रुपये प्रति किलो रह गया।

अचानक आई इस गिरावट ने चीनी कारोबारियों को असमंजस में डाल दिया है। अब बुधवार को अन्य मिलों के भाव सामने आने के बाद ही बाजार की अगली दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button