उत्तराखंडदेश दुनियाराजनीति

हल्द्वानी की घटना पर राहुल गांधी का निशाना, ‘छुआछूत संविधान के अनुसार दंडनीय अपराध’

नई दिल्ली। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद सभा स्थल के कथित शुद्धीकरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के हर दलित व्यक्ति को जन्म से लेकर मृत्यु तक और जीवन के हर कदम पर अपमान का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि दलितों की आवाज जितनी बुलंद होती है, उन पर उतना ही तेज हमला किया जाता है।

कांग्रेस नेता ने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हुई घटना को लेकर इसे छुआछूत का मामला बताया। राहुल गांधी ने कहा कि खरगे के सभा स्थल को ‘शुद्धिकरण’ के नाम पर जिस तरह से कथित तौर पर साफ किया गया, वह उनके खिलाफ छुआछूत है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के अनुसार छुआछूत एक दंडनीय अपराध है।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि संविधान में सभी नागरिकों को समान अधिकार दिए गए हैं और किसी भी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इस मामले के सामने आने के बाद कांग्रेस ने भी इसे सामाजिक समानता और संवैधानिक अधिकारों से जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। वहीं, घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की घटनाएं समाज में भेदभाव की मानसिकता को उजागर करती हैं।

मामले को लेकर अब राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जबकि घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button