उत्तर प्रदेशधार्मिकसामाजिक

राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक आज, सीईओ चयन पर होगा अंतिम फैसला

अयोध्या। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को शाम चार बजे मणिरामदास जी की छावनी में आयोजित होने जा रही है। बैठक में राम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के चयन को लेकर अंतिम निर्णय लिए जाने की संभावना है। करीब दो महीने से चल रही चयन प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है।

सीईओ पद के लिए गठित चयन समिति ने विचार-विमर्श और प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीन अधिकारियों के नामों का पैनल तैयार किया है। समिति ने यह पैनल मंगलवार को रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दिया। अब ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर चर्चा के बाद किसी एक अधिकारी के नाम पर मुहर लगाई जा सकती है।

पैनल में पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय, पूर्व आईएएस अधिकारी योगेश्वर राम मिश्रा और बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी डॉ. परेश सक्सेना शामिल हैं। खास बात यह है कि सीईओ पद की दौड़ में शामिल तीनों अधिकारी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं।

राम मंदिर निर्माण के बाद मंदिर परिसर के संचालन, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों को व्यवस्थित करने में सीईओ की भूमिका अहम मानी जा रही है। ऐसे में ट्रस्ट के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। बुधवार की बैठक के बाद सीईओ के नाम को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button