जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे CM योगी, गर्भगृह में किए लाला के दर्शन

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। सुबह करीब 9:55 बजे जन्मस्थान पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गर्भगृह में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ का यह जन्मस्थान का 20वां दौरा बताया जा रहा है।
गर्भगृह को विशेष रूप से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इसकी दीवारों पर चांदी की परत चढ़ाई गई है, जिससे परिसर की भव्यता और बढ़ गई। मुख्यमंत्री ने कुछ देर गर्भगृह में रुककर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और मंदिर की साज-सज्जा को भी निहारा।
इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। जन्माष्टमी के मौके पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गर्भगृह में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देंगे और उन्हें संबोधित करेंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को मथुरा पहुंचे थे। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और रात में वेटेरिनरी विश्वविद्यालय में विश्राम किया। जन्माष्टमी के अवसर पर उनके श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचने को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।



