अयोध्या में अखिलेश की सियासी हुंकार, योगी को दी चुनाव लड़ने की चुनौती

अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय के कृष्णापुर स्थित आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में हिस्सा लिया और कथा का श्रवण किया।
अखिलेश यादव का यह दौरा करीब एक घंटे का रहा। उनके कार्यक्रम में राम मंदिर जाकर रामलला के दर्शन का उल्लेख नहीं था, जिसके चलते उनके अयोध्या दौरे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, सपा की ओर से नवंबर में राम मंदिर और हनुमानगढ़ी दर्शन की संभावित योजना की बात कही गई है, जिसकी अंतिम पुष्टि अभी बाकी है।
अयोध्या विधानसभा सीट से सपा ने पवन पांडेय को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। ऐसे में अखिलेश यादव का उनके आवास पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होना राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बना।
भागवत कथा में शामिल होने के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता के बीच जवाब देना होगा। उनके इस बयान के बाद अयोध्या में चुनावी माहौल को लेकर राजनीतिक हलचल और बढ़ गई है।



