बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत छह लोग थे सवार

देहरादून/चमोली। उत्तराखंड में शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा सामने आया है। बदरीनाथ धाम से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन कंपनी का हेलीकॉप्टर चमोली जिले में जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट सहित कुल छह लोग सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से उड़ान भरकर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड की ओर जा रहा था। इसी दौरान बदरीनाथ और ज्योतिर्मठ के बीच यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर पहाड़ी क्षेत्र में चट्टान पर गिरा है।
राहत और बचाव कार्य शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण बचाव दलों को मौके तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। टीमें पहाड़ी रास्ते से घटनास्थल तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने भी हेलीकॉप्टर दुर्घटना की पुष्टि की है। फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति और हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। राहत एवं बचाव अभियान के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



