CEC ज्ञानेश कुमार के समर्थन में उतरे 42 पूर्व जज, विरोध प्रदर्शनों पर जताई चिंता

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर जारी राजनीतिक विरोध के बीच 42 पूर्व जजों ने एक खुले पत्र के जरिए चिंता जाहिर की है। पूर्व न्यायाधीशों ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ सार्वजनिक मंचों से आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक संस्थाओं में लोगों के भरोसे को प्रभावित कर सकता है।
पूर्व जजों ने पत्र में कहा कि सीईसी को सार्वजनिक रूप से ‘कठपुतली’, ‘चोर’ और ‘समझौतावादी’ जैसे शब्दों से संबोधित किया जा रहा है। उनके मुताबिक इस तरह की बयानबाजी एक ऐसे अभियान का हिस्सा प्रतीत होती है, जिसे वे निहित राजनीतिक हितों से प्रेरित मानते हैं। उन्होंने चुनाव अधिकारियों को निशाना बनाए जाने और सत्ता परिवर्तन की स्थिति में कार्रवाई की चेतावनियों पर भी आपत्ति जताई।
पत्र में पूर्व न्यायाधीशों ने यह भी कहा कि संस्थाओं की आलोचना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन व्यक्तिगत स्तर पर अपमानजनक टिप्पणियां उचित नहीं हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से चुनाव और मतदाता सूची से जुड़े विवादों को उचित संवैधानिक एवं कानूनी माध्यमों के जरिए उठाने की अपील की।
यह पत्र ऐसे समय सामने आया है जब विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, पूर्व जजों ने SIR को मतदाता सूची को व्यवस्थित और अद्यतन रखने की कानूनी प्रक्रिया बताते हुए चुनावी संस्थाओं पर भरोसा बनाए रखने की जरूरत पर जोर दिया है।



